मुंगेली – लोकसभा प्रवास कार्यक्रम तथा भ्रष्ट कांग्रेस हटाओ,छत्तीसगढ़ बचाओ अभियान के तहत मुंगेली पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य की भूपेश सरकार हर मोर्चे पर विफल है,जनता स्वयं परेशान है अतः इस बार भाजपा पूरे बहुमत से सरकार बनाएगी।

विश्राम भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने रायपुर के स्काई वाक के संबंध में पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर कहा कि कांग्रेस सरकार को साढ़े चार साल बाद यह ध्यान आया है तो जो जांच चाहें वे करा लें क्योंकि इस कार्य को सभी आवश्यकताओं की पूर्ति करके प्रारंभ किया गया था। डॉ रमन सिंह ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार की याद दिलाते हुए कहा कि इस समय छत्तीसगढ़ प्रदेश के बड़े-बड़े अधिकारी भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद हैं। इन्हें ईडी और सीडी का डर सता रहा है। सीडी मामले में भूपेश बघेल जेल होकर आए हैं और जमानत पर हैं।
मुंगेली क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को ध्यान में रखकर भाजपा शासन में रेल लाईन की स्वीकृति प्रदान कर कार्य तेजी से प्रारंभ किया गया था, मुआवजा आदि के प्रकरण भी बन चुके थे कार्य शुरू होना था कि सरकार बदलने से मुंगेली रेल लाईन और एक दो अन्य रेल लाइन के कार्य कांग्रेस की राज्य सरकार की असहमति के कारण लंबित रह गए है। उन्होंने कहा कि मुंगेली के सभी विकास कार्य पुन्नूलाल मोहले के प्रयास से भाजपा के कार्यकाल में हुए थे। मुंगेली जिला बनने से लेकर सब कुछ हमने किया था। अब चार साल से विकास ठप है। पत्रकारों के द्वारा पूछे गए नगर पालिका अध्यक्ष के जाति सम्बंधी मामला पर उन्होंने कहा कि प्रशासन पेशी बढ़ाते जा रहा है जबकि दस्तावेज से स्पष्ट है कि वह सामान्य वर्ग से आते हैं।
भाजपा राज्य में किस चेहरे पर चुनाव लड़ेगी पूछे जाने पर डॉ रमन सिंह ने कहा कि यह सही समय में पार्टी द्वारा तय कर लिया जाएगा। गुटबाजी के प्रश्न पर कहा कि भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है सब एकजुट हैं। भूपेश सरकार नरवा गरवा के नाम पर लोगों को बेवकूफ बना रही है। प्रदेश में सड़कों का बुरा हाल है विकास कार्य ठप पड़े है। भाजपा इस बार और बेहतर घोषणा पत्र बनायेगी। श्री सिंह ने कहा उपचुनाव में भले ही कांग्रेस की धनबल के कारण जीत हुई है परंतु प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के वादाखिलाफी को समझ चुकी है। विकास रुक जाने से देश की रैंकिंग में छत्तीसगढ़ राज्य का बुरा हाल है 17 -18 वे स्थान पर पहुँच गया है। प्रदेश का कानून व्यवस्था,अर्थव्यवस्था सहित हर मामले में छत्तीसगढ़ का बुरा हाल है। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कह दिया कि पूर्व में जो राजस्व कार्य 5-10 हजार में होते थे लोग स्वेच्छा से देते थे अब उन्हें मजबूर हो कर लाखों खर्च करना पड़ता है। डॉ रमन सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान पुन्नूलाल मोहले,पूर्व सांसद लखनलाल साहू,जिला भाजपा अध्यक्ष शैलेष पाठक उपस्थित थे।